5 करोड़ के लेनदेन के विवाद में कारोबारी ने परिवार के साथ जहर खाकर उठाया खौफनाक कदम
कवर्धा| छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में कर्ज और लेनदेन के दबाव ने एक पूरे परिवार को मौत के मुहाने पर ला खड़ा किया। करोड़ों रुपए उधार में फंसने और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान एक कारोबारी ने पत्नी और बच्चों के साथ जहर पी लिया। चारों की हालत गंभीर बनी हुई है और निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, लोहारा रोड स्थित भागो टोला के पास बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करने वाले योगेश जैन (42) ने 14 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे अपने बड़े भाई लक्ष्मीचंद जैन को फोन कर बताया कि उन्होंने पत्नी सुमन जैन (37), बेटे प्रिंस (17) और बेटी तारिका (16) को जहर दे दिया है और खुद भी जहर पी लिया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और चारों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटनास्थल से पुलिस को तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें 4 से 5 करोड़ रुपए के लेनदेन का जिक्र किया गया है। नोट में लिखा गया है कि एक व्यक्ति पर 5 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि बकाया है, जिसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया गया। सुसाइड नोट के अनुसार, साल 2020 से 2025 के बीच योगेश जैन ने ‘चार ट्रेडर्स के नाम पर करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपए दिए थे। बार-बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं मिली और टालमटोल किया जाता रहा।
परिजनों के मुताबिक, नोट में ग्राम रेंगाखुर्द निवासी एक व्यापारी का नाम भी दर्ज है, जिस पर बड़ी रकम बकाया बताई गई है। आरोप है कि पैसे मांगने पर उसने न केवल लौटाने से इनकार किया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। परिवार का कहना है कि कारोबारी को लगातार धमकियां मिल रही थीं। “पैसे नहीं लौटाएंगे, जो करना है कर लो” जैसी बातों के साथ गाड़ी से कुचलने की धमकी तक दी गई। इससे वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन चारों सदस्य अभी अचेत हैं, इसलिए उनका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि बयान मिलने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि आर्थिक दबाव और विवाद किस तरह गंभीर मानसिक संकट में बदल सकते हैं। अगर आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति तनाव या आत्मघाती विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्र या किसी विशेषज्ञ से मदद लेना बेहद जरूरी है।