महाराष्ट्र में छत्तीसगढ़ के मजदूरों के साथ मारपीट, बंधक बनाकर रखा; ठेकेदार के चंगुल से भागकर महिला पहुंची पुलिस के पास

maarpeet

बिलासपुर। बिलासपुर के मजदूरों को महाराष्ट्र में बंधक बनाकर रखा गया है। इलाज के लिए रुपये मांगने पर ठेकेदार ने मजदूरों की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में तीन मजदूरों का सिर फट गया है। ठेकेदार के चंगुल से किसी तरह भागकर बिलासपुर पहुंची महिला ने एसएसपी रजनेश सिंह से मिलकर आपबीती बताई व परिवार के सदस्यों को ठेकेदार के चंगुल से सुरक्षित लाने की गुहार लगाई है।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर के मजदूर परिवार को महाराष्ट्र के पुणे में बंधक बनाकर ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमकर पिटाई कर दी है है। मारपीट की इस घटना से परिवार के कई लोगों का सिर फट गया है। स्थानीय थाने में शिकायत करने के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। बंधक मजदूर की महिला रिश्तेदार किसी तरह ठेकेदार और उसके गुर्गों के चंगुल से भागकर बिलासपुर पहुंची। बिलासपुर पहुंचने के बाद एसएसपी से शिकायत कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। महिला ने अपने रिश्तेदार को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। मजदूर के साथ मारपीट करने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले लेबर ठेकेदार भुवनेश्वर राय और सुरेंद्र राय नवंबर 2025 में बिलासपुर आए थे। उसने पचपेड़ी थाना क्षेत्र के सुकुलकारी निवासी संतोष महिलांगे, उसकी पत्नी, रिश्तेदार कलाबाई भार्गव सहित परिवार के सदस्य और रिश्तेदारों को काम दिलाने का दावा करते हुए एडवांस में पैसे दिए। उन्हें लेकर पुणे के चांदे गांव ले गया और उनसे मजदूरी कराने लगे।

संतोष के दामाद दिलकुमार भार्गव ने बताया कि, उसकी सास प्रेग्नेंट है, जिसका इलाज कराने के लिए पैसों की जरूरत थी। उन्होंने लेबर ठेकेदार से पैसे की मांग की, जिस पर वो गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जमकर मारपीट की, जिससे परिवार के कई लोगों का सिर फट गया। विवाद के बाद घायल मजदूर मामले की शिकायत लेकर स्थानीय पुलिस के पास पहुंचे। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। संतोष को गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसे जबरन कैद कर लिया गया। डरा-सहमा परिवार अब अपने मुखिया को सही सलामत लाने की मांग कर रहा है।

वायरल हो रहा वीडियो, मारपीट करते दिख रहे ठेकेदार

सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मजदूरों के साथ मारपीट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में ठेकेदार और उसके साथी मजदूरों पर दबाव बनाते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है।

रीसेंट पोस्ट्स