गुम फाइल पर अनोखा विरोध: युवक ने अधिकारी की टेबल पर बिखेरे बादाम, कहा-“बादाम खाओ, फाइल ढूंढो”
बिलासपुर। एक युवक ने अपनी नामांतरण फाइल गुम होने के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध जताया है। परेशान युवक ने उप संपदा अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर उनके टेबल पर बादाम बिखेर दिए और कहा – “आपकी याददाश्त तेज करने के लिए बादाम लाया हूं।”
यह घटना तिफरा हाउसिंग बोर्ड कार्यालय की है। युवक तरुण साहू ने करीब एक साल पहले तिफरा में रिसेल से EWS फ्लैट खरीदा था। उसके बाद नामांतरण की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद विभाग फाइल नहीं ढूंढ पाया। हर बार अधिकारी फाइल गुम होने का हवाला देते रहे।
थक-हारकर तरुण साहू ने शुक्रवार को उप संपदा अधिकारी के सामने अपना गुस्सा इस अनोखे अंदाज में निकाला। उन्होंने अधिकारी के टेबल पर मुट्ठी भर बादाम बिखेरते हुए कहा, “फाइल एक साल से गुम है, शायद आपकी याददाश्त कमजोर हो गई है, इसलिए बादाम खाइए और फाइल ढूंढिए।” वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन युवक का कहना है कि जब तक नामांतरण के दस्तावेज नहीं मिल जाते, वह लगातार फॉलो-अप करता रहेगा।