वर्दी की धौंस, एएसआई ने भाजपा कार्यकर्ता को जड़े नान स्टॉप थप्पड़, एसएसपी ने किया—सस्पेंड और एफआईआर
बिलासपुर। जिले के एक थाने में पदस्थ एएसआई ने अपने केस की जानकारी लेने थाना पहुंचे भाजपा नेता को आव देखा ना ताव, एक-एक कर 15-20 तमाचे जड़ दिए। थप्पड़ पर थप्पड़ खाने के कारण भाजपा नेता को फिलहाल कुछ सुनाई नहीं दे रहा है, कान सुन्न पड़ गया है। एएसआई की दबंगाई का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हाे रहा है। एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई को सस्पेंड कर दिया है.
एएसआई के इस दबंगाई और मारपीट का LIVE सीसीटीवी VIDEO सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। इस बात की भी चर्चा हो रही है, थाने से ही किसी पुलिस वाले ने वीडियो को जारी कर दिया है। इस मामले में SSP रजनेश सिंह ने ASI दिनेश तिवारी को सस्पेंड कर दिया है। फरियादी की शिकायत पर उसी थाने में ASI के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है। पीड़ित ने खुद को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का रिश्तेदार बताता है। मामला रनतपुर थाना का है।
रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने केस की जानकारी लेने थाना पहुंचा था। दोपहर तकरीबन 2.30 बजे विनोद की मुलाकात ASI दिनेश तिवारी से हुई। विनोद ने अपने केस की जानकारी मांगी और जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का आग्रह किया। इसी बात पर ASI नाराज हो गया और मारपीट शुरू कर दी।
विनोद जायसवाल ने बताया , ASI ने गाली-गलौज करते हुए 15-20 थप्पड़ जड़ दिए। घटना के समय थाने में बाकी स्टाफ भी मौजूद थे। मारपीट के दौरान ASI ने धमकी भी दी कि तू कितना बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा। इस मामले में जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में एएसआई पर पैसे मांगने के भी आरोप हैं।
मारपीट की घटना के बाद विनोद का कान सुन्न पड़ गया है। उन्हें सुनने में परेशानी और सिरदर्द की शिकायत है। SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर विनोद ने थाने में भी शिकायत की है, जिस पर पुलिस ने दिनेश तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि, विनोद जायसवाल पहले कोयले का काम करता था। तब उसे रतनपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता घनश्याम रात्रे का करीबी माना जाता था। बाद में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी बन गया। विनोद खुद को स्वास्थ्य मंत्री का रिश्तेदार भी बताता है।