जशपुर में ‘विमान क्रैश’ की बात निकली बेबुनियाद, जशपुर में जंगल की आग से उठे धुएं ने फैलाया भ्रम

image-2026-04-20T152935.432
जशपुर| जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र में सोमवार को प्राइवेट विमान क्रैश होने की खबर ने लोगों में हड़कंप मचा दिया, लेकिन जांच में यह महज अफवाह साबित हुई। दोपहर में जंगल की ओर से उठते धुएं को देखकर लोगों ने इसे विमान हादसा समझ लिया और देखते ही देखते खबर फैल गई।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, नारायणपुर क्षेत्र के जंगल में सूखे पत्तों में आग लगने के कारण धुआं उठ रहा था। इसी दौरान खनिज सर्वे के कार्य में लगा एक हेलीकॉप्टर इलाके के ऊपर से गुजर रहा था। धुआं और हेलीकॉप्टर की मौजूदगी को जोड़कर लोगों ने अनुमान लगा लिया कि कोई विमान या हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है।
सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं भी विमान हादसे के कोई साक्ष्य नहीं मिले।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जंगल में लगी आग की वजह से धुआं उठ रहा था, जिससे भ्रम की स्थिति बनी। किसी प्रकार का विमान हादसा नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ड्रोन कैमरे के जरिए इलाके की लगातार निगरानी कर रही है, ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी रहे।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें और ऐसी खबरों की पुष्टि किए बिना उन्हें फैलाने से बचें।

रीसेंट पोस्ट्स