Lenskart विवाद पहुंचा Raipur, ड्रेस कोड के खिलाफ विरोध; शोरूम में हंगामा, कर्मचारियों को लगाया तिलक…

Lenskart - 10

रायपुर| सोशल मीडिया से शुरू हुआ Lenskart विवाद अब राजधानी रायपुर तक पहुंच गया है। ड्रेस कोड को लेकर उठे विवाद के बीच धर्म जागरण समिति की सह संयोजिका भारती वैष्णव अपने समर्थकों के साथ शोरूम पहुंचीं और जय श्री राम के नारे लगाए। इस दौरान कर्मचारियों के नाम पूछकर उन्हें तिलक भी लगाया गया। हालांकि कंपनी ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है, लेकिन रायपुर की घटना से यह साफ है कि मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।

भारती वैष्णव ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कंपनी कर्मचारियों को तिलक, कलावा और जनेऊ धारण करने से रोकती है, जबकि अन्य धार्मिक प्रतीकों को अनुमति दी जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी हिंदू विरोधी कृत्य का विरोध किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी शिकायतें सामने आती हैं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के साथ किसी प्रकार की झड़प की खबर नहीं है, लेकिन माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रहा।

विवाद बढ़ने के बाद Lenskart पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सफाई दे चुका है। कंपनी ने कहा कि उसके इन-स्टोर स्टाइल गाइड में सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का सम्मान किया जाता है। कंपनी के अनुसार, बिंदी, तिलक, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, कड़ा, हिजाब और पगड़ी जैसे प्रतीकों को टीम की पहचान का हिस्सा माना जाता है और इन्हें पहनने की अनुमति है।

कंपनी ने यह भी कहा कि यदि किसी कर्मचारी या ग्राहक की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसे खेद है। साथ ही आश्वासन दिया गया कि सभी नीतियां समानता और सम्मान के सिद्धांतों पर आधारित रहेंगी। सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह विवाद अब जमीनी स्तर पर विरोध का रूप ले चुका है।

रीसेंट पोस्ट्स