खुद कबूला गुनाह: “मैंने पत्नी की हत्या की”, पुलिस भी रह गई दंग…चरित्र पर शक बना वजह
बिलासपुर। पति, पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। इसी बात को लेकर मंगलवार को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, गुस्से से तमतमाए पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले से पत्नी की मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद वह थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस यह सुनकर सन्न रह गई।
छत्तीसगढ़ बिलासपुर में चरित्र पर शक के चलते पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी को मार डाला। हत्या के बाद आरोपी थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। आरोपी का नाम जीवन नोरगे (65) है। वह पत्नी सरस्वती नोरगे पर किसी और के साथ अफेयर को लेकर शक करता था, मंगलवार को इस बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ।
विवाद के दौरान सिर पर किया जानलेवा हमला
विवाद के दौरान गुस्साए जीवन ने कुल्हाड़ी से सरस्वती के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद वह थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस घटनास्थल पहुंची, जहां खून से लथपथ सरस्वती का जमीन पर पड़ा हुआ था, वह सिर के बल गिरी थी। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पास में टूटी चूड़ियां और खून से सनी कुल्हाड़ी थी। पूरा कमरा खून से सना हुआ था।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आरोपी जीवन के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।