IPL 2026 का बड़ा मैच: मुंबई-चेन्नई आमने-सामने, धोनी की वापसी तय, रोहित पर सस्पेंस बरकरार

cricket

IPL 2026 : IPL 2026 में गुरुवार की शाम क्रिकेट फैंस को एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। आज मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां हमेशा की तरह हाई-वोल्टेज माहौल देखने को मिल सकता है।

इस सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ जीत का नहीं, बल्कि सम्मान और वापसी का भी बन गया है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों को हर हाल में जीत चाहिए।

मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन उसके बाद लगातार चार हार ने लय बिगाड़ दी। हालांकि पिछले मैच में जोरदार वापसी करते हुए टीम ने बड़ी जीत दर्ज की और अब कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुवाई में टीम घरेलू मैदान पर लगातार दूसरी जीत की तलाश में उतरेगी। बल्लेबाजी में नमन धीर और तिलक वर्मा ने मजबूती दिखाई है, जबकि गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की फॉर्म टीम के लिए बड़ी राहत है। वहीं रोहित के खेलने पर अभी भी सस्पेंस बरक़रार है।

वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शुरुआती हार के बाद टीम ने वापसी जरूर की, लेकिन स्थिरता की कमी साफ दिखी है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम कॉम्बिनेशन को संतुलित करना है। अनुभवी एमएस धोनी की मौजूदगी को लेकर भी संशय बना हुआ है, जो इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा में से एक है। वहीं युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे भी चोट की वजह से सीजन से बाहर हो गए है। उनकी जगह भर पाना चेन्नई के लिए आसान नहीं हैं।

टीम चयन में भी कई सवाल हैं। तेज गेंदबाजी विभाग में बदलाव की संभावना है, जहां स्पेंसर जॉनसन को मौका मिल सकता है। वहीं बल्लेबाजी क्रम में भी फेरबदल देखने को मिल सकता है, ताकि टीम को स्थिरता मिल सके।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस (MI) : रोहित शर्मा/दानिश मालेवार, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), मिचेल सेंटनर, अल्लाह गजनफर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार।

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) : ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, शिवम दुबे, एमएस धोनी (विकेटकीपर), जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन।