छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की बदमाशों ने की हत्या, दो नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार…

hatya

बिलासपुर। बिलासपुर में शनिवार रात मारपीट के दौरान छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की बदमाशों ने हत्या कर दी। बदमाशों ने चापड़ से युवक का गला रेत दिया। घटना के पीछे युवती से दोस्ती रखना और बातचीत को माना जा रहा है।

मृतक का नाम अभिषेक यादव (22) है, मोपका गुड़ी मोहल्ले का रहने वाला था। उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। युवकों ने ओमप्रकाश की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान अभिषेक ओमप्रकाश को बचाने के लिए पहुंचा था। तभी बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई|

अभिषेक यादव बीए सेकंड ईयर का स्टूडेंट था। रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक में उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव का युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। करीब 5 युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार किया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद ओमप्रकाश जान बचाकर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए नजदीकी पुलिस चौकी तक पहुंच गए। किसी तरह वह चौकी में घुसकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग, अभिषेक को तुरंत अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंचे। थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दो नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष सूर्यवंशी (22), महावीर सूर्यवंशी (23) और रघुवीर सूर्यवंशी (26) शामिल हैं, जो वर्तमान में मोपका क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे और मूल रूप से सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के निवासी हैं।