मैग्नेटो मॉल में फ्रॉड का खुलासा, गिफ्ट स्कीम के नाम पर लोगों को फंसाकर, करोड़ों की ठगी कर, कंपनी फरार
बिलासपुर| बिलासपुर में गिफ्ट और हॉलिडे पैकेज के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। मैग्नेटो मॉल में संचालित क्लब्रियोंट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी पर लोगों से लाखों रुपए ऐंठकर फरार होने का आरोप लगा है। पीड़ितों के मुताबिक कंपनी ने 15 से 20 लोगों को अपने जाल में फंसाया और रकम लेने के बाद रातों-रात ऑफिस बंद कर दिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कंपनी के मुख्य संचालक समेत 16 कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक ठगी की रकम 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है। पीड़ित अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी को उनके पास फोन आया था। कॉल करने वालों ने कहा कि उनका नाम कूपन ड्रॉ में निकला है और उन्हें गिफ्ट लेने के लिए मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल स्थित ऑफिस नंबर 415 बुलाया गया। वहां उन्हें आकर्षक हॉलिडे पैकेज और ट्रैवल ऑफर्स दिखाए गए।
अमित के मुताबिक कंपनी के कर्मचारियों ने भरोसे में लेकर उनसे पैसों की मांग की। उन्होंने 27 फरवरी को 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाओं के नाम पर उनसे 50 हजार रुपए और लिए गए। कंपनी ने दावा किया था कि पूरी यात्रा और पैकेज की जानकारी ईमेल के जरिए भेज दी जाएगी, लेकिन भुगतान के बाद आरोपियों के फोन बंद आने लगे।
शक होने पर अमित 24 अप्रैल को दोबारा ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। उस दौरान वहां पहले से कई लोग मौजूद थे, जो खुद को इसी तरह की ठगी का शिकार बता रहे थे। पुलिस जांच में अब तक 8 लाख 12 हजार रुपए की ठगी का रिकॉर्ड सामने आया है। जांच के दौरान पता चला कि सुशांत कुमार से 76 हजार रुपए, रोहित शर्मा से 1.28 लाख रुपए, डॉ. शरद कर्णेवार से 1.10 लाख रुपए और अमित गुप्ता से 75 हजार रुपए लिए गए। आशंका है कि अन्य पीड़ितों से भी बड़ी रकम वसूली गई है।
सिविल लाइन पुलिस ने कंपनी के संचालक नागेश बालासाहेब साखरे, श्रीमंत राम खांडे, किरण मुनी, इमरान अंसारी, साहिल ठाकुर, अक्षय मीठे, कपिल, आसीफ, मुस्कान गुप्ता, अनुराग, गुंजन, अजित ईश्वर जाटव, कुमुद, हितेश, पृथ्वी और अभिषेक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।