कथा आयोजन के नाम पर बड़ा खेल! पंडित प्रदीप मिश्रा का नाम इस्तेमाल कर की गई धोखाधड़ी

pandit_pradeep_mishra_250kb

राजनांदगांव| राजनांदगांव जिले में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर 21 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर ठगी का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

समिति का आरोप है कि दिनेश साहू ने 8 मई से 14 मई 2026 तक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा कराने का भरोसा दिलाया था। इसके लिए समिति से दो किश्तों में कुल 21 लाख रुपए नगद लिए गए। बताया गया कि 5 लाख और 16 लाख रुपए आरोपी को उसकी किराना दुकान में दिए गए थे। समिति के सदस्यों ने कथा आयोजन को लेकर पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छपवा दिए थे।

इसी बीच जानकारी मिली कि जिन तारीखों में कथा आयोजन होना था, उन्हीं दिनों पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम रांची में पहले से तय है। इसके बाद समिति के सदस्य मामले की सच्चाई जानने के लिए कुबेरश्वर धाम पहुंचे। वहां कथित तौर पर पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यालय से जानकारी मिली कि अंबागढ़ चौकी में कथा आयोजन के लिए कोई राशि जमा ही नहीं की गई थी।

समिति का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद दिनेश साहू से रकम वापस मांगी गई, लेकिन वह लगातार आश्वासन देता रहा और पैसे नहीं लौटाए। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।