निर्माणाधीन मकान में मिला परिवार के चार लोगों का शव, खून से लथपथ हालत में मिलीं लाशें, गांव में सनसनी

janjgir-suspected-death-1

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। किसी ने धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। सभी की लाश खून से लथपथ हालत में निर्माणाधीन मकान में खाट पर मिली है।

सुबह जब लोगों ने देखा तब सभी सो रहे थे। काफी देर बाद भी जब किसी तरह की हलचल महसूस नहीं हुई तब, लोगों ने जगाया, चारों की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। सुबह निर्माण कार्य स्थल पर जब मिस्त्री पहुंचा तब, चारों को खाट पर खून से लथपथ पड़ा देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है| सभी लोग नए मकान निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और वहीं ठहरे हुए थे। सुबह काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर मिस्त्री को शक हुआ। पास जाकर देखा तो चारों खाट पर खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद गांव वालों को सूचना दी गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच के बाद सामने आया है कि इस जघन्य वारदात को मृतक के पुत्र सोना साय कश्यप ने अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर अंजाम दिया।

पूरा मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से परिवार में तनाव चल रहा था, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गया और इसी के चलते हत्या की यह वारदात सामने आई।

जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि मुख्य आरोपी सोना साय कश्यप का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। बताया जा रहा है कि उसने पूर्व में अपने ही बड़े भाई की हत्या की थी, जिसके चलते वह लगभग 15 साल तक जेल में रहा। हाल ही में सजा पूरी होने के बाद वह रिहा होकर गांव लौटा था।

गांव लौटने के बाद भी पारिवारिक विवाद शांत नहीं हुआ और संपत्ति बंटवारे को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी रही। इसी विवाद के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

शिवरीनारायण पुलिस ने पूर्व में भी आरोपी सोना साय कश्यप के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी, लेकिन इसके बावजूद मामला शांत नहीं हो सका। अब इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।