अनुकंपा नियुक्ति रद्द होने के बाद हाईकोर्ट पहुंचे कर्मचारी, डेढ़ साल बाद फिर मिली नौकरी

1154216-hc-high-court

बिलासपुर| नगर पालिक निगम बिलासपुर के 22 कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। डेढ़ साल तक नौकरी और भविष्य को लेकर असमंजस में रहे इन कर्मचारियों को आखिरकार फिर से अनुकंपा नियुक्ति मिल गई। निगम प्रशासन ने शासन से अनुमति मिलने के बाद सभी 22 कर्मचारियों के नियुक्ति आदेश दोबारा जारी कर दिए हैं।

​दरअसल, यह पूरा मामला जनवरी 2023 में शुरू हुआ था। तत्कालीन उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री ने निगम के 22 आश्रितों को चतुर्थ श्रेणी (भृत्य) पद पर अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे थे। नियुक्ति पाने वाले कर्मचारी पहले निगम में प्लेसमेंट पर कार्यरत थे।

​नियुक्ति मिलने के बाद कर्मचारियों ने करीब छह महीने तक काम भी किया, लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिल सका। बाद में जांच में यह सामने आया कि नियुक्ति प्रक्रिया के लिए शासन स्तर से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। इसी तकनीकी खामी को आधार बनाकर निगम कमिश्नर ने सभी नियुक्ति आदेश निरस्त कर दिए थे।

​अचानक नौकरी छिनने से प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। इसके बाद कर्मचारियों ने मामले को लेकर हाईकोर्ट की शरण ली और न्याय की मांग की।

कोर्ट में चुनौती के बाद मिली राहत

​मामला न्यायालय में पहुंचने के बाद शासन और निगम प्रशासन के बीच लगातार पत्राचार और प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई चलती रही। अंततः शासन से अनुमति मिलने के बाद निगम प्रशासन ने बुधवार देर रात दोबारा नियुक्ति आदेश जारी कर दिए।

​लंबे इंतजार के बाद नौकरी वापस मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। कई कर्मचारियों ने इसे “संघर्ष की जीत” बताया है।

रीसेंट पोस्ट्स