बड़ी कार्रवाई: आबकारी एसआई सस्पेंड, कमिश्नर ने जारी किया सस्पेंशन ऑर्डर

suspend-2

रायपुर। नकली शराब फैक्ट्री और रिफलिंग का गोरखधंधा सामने आने के बाद आयुक्त आबकारी विभाग ने खैरागढ़ सर्किल के प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक विजयेन्द्र कुमार को निलंबित कर दिया है। जारी निलंबन आदेश में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता, कमजोर नियंत्रण का आरोप लगाया गया है। आबकारी आयुक्त ने आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।

13 मई 2026 को खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजपूत ढाबा के पास एक मकान पर दबिश दी थी। टीम ने मौके से अवैध रूप से शराब की बॉटलिंग, रिफिलिंग करते त्रिलोक यादव और भागवत वर्मा को रंगेहाथों पकड़ा था। त्रिलोक यादव खैरागढ़ के देशी-विदेशी शराब दुकान का चीफ सेल्समैन है। भागवत वर्मा खैरागढ़ के विदेशी मदिरा दुकान का सेल्समैन है। छापेमारी में पुलिस ने बड़ी मात्रा में मिलावटी और नकली शराब बनाने की सामग्री जब्त की। यह पूरा इलाका आबकारी एसआई विजयेंद्र कुमार के प्रभार क्षेत्र में आता है। नकली शराब बनाने व रिफलिंग के गोरखधंधे में प्रभावी ढंग से अंकुश ना लगा पाने और इस धंधे में विभाग के कर्मचारियों की संलिप्तता को आबकारी आयुक्त ने गंभीर माना है। आबकारी आयुक्त ने एसआई को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के नियम 9 (1) के तहत निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में एसआई का मुख्यालय कार्यालय उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता दुर्ग संभाग तय किया गया है।

रीसेंट पोस्ट्स