कोयला घोटाला: 7.5 करोड़ रुपये पहुंचाने के आरोप में नारायण साहू की मुश्किलें बढ़ीं, पूरक चालान पेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने शराब घोटाला में गिरफ्तार आरोपी नारायण साहू के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट कोर्ट में पेश की। आरोपी नारायण साहू अवैध कोल लेवी वसूली रकम सूर्यकांत तिवारी के निर्देश पर अवैध नगदी रकम वसूल कर उसे रजनीकांत तिवारी के पास जमा करता था। वसूली रकम में से लगभग 7.5 करोड़ रूपये की नगदी अधिकारियों तक पहुंचाता था।
अवैध कोल लेवी वसूली प्रकरण अपराध क्रमांक-03/2024 में आज (20 मई) आरोपी नारायण साहू के विरूद्ध भा.द.वि. की धारा 120बी, 420, 384, 467, 468, 471 एवं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथा संशोधित भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018) की धारा 7, 7ए, एवं 12 के अंतर्गत विशेष न्यायालय रायपुर में 5वां पूरक अभियोग पत्र पेश किया गया। प्रकरण में अब तक एक मूल तथा 5 पूरक चालान पेश किया जा चुका है। उक्त आरोपी केन्द्रीय जेल रायपुर में निरूद्ध हैं।
आरोपी नारायण साहू अवैध कोल लेवी वसूली रकम के सिंडिकेट के एक सक्रिय सदस्य रहा है, जो सूर्यकांत तिवारी के निर्देश पर अवैध कोल लेवी वसूली के कार्य में कोल व्यापारियों एवं कोल परिवहनकर्ताओं से अवैध नगदी रकम एकत्रित कर उसे रजनीकांत तिवारी के पास जमा करता था। अवैध कोल लेवी वसूली रकम में से लगभग 7.5 करोड़ रूपये की नगदी राशि सौम्या चौरसिया, समीर विश्नोई एवं अन्य को हस्तांतरण, परिवहन व व्यवस्थापन किया जाना पाया गया।
प्रकरण में पूर्व में प्रस्तुत अभियोग पत्र के अन्य अभियुक्तगणों के विरूद्ध अतिरिक्त साक्ष्य शामिल कर अभियोग पत्र के साथ प्रस्तुत किए गए।
प्रकरण में संभावित अन्य सभी आरोपियों के विरूद्ध विवेचना जारी है।