छत्तीसगढ़ पुलिस की स्मार्ट कार्रवाई: ड्रोन से रेप आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर आरोपी धराया…

drone_police_250kb

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस को अत्याधुनिक बनाने के लिए नई तकनीकों से लैस किया जा रहा है। इसमें आधुनिक हथियार के साथ ड्रोन भी दिए गए हैं। ड्रोन को मुख्य रूप से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिया गया है। पुलिस ने इसका उपयोग रात में गश्त में भी शुरू कर दिया है। इसी तकनीक का फायदा उठा कर पुलिस ने जंगल की ओर भागे अनाचार के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले में ड्रोन की मदद से आरोपी को गिरफ्तार करने में पहली सफलता मिली है। पुलिस ने बताया कि बेलगहना चौकी अंतर्गत एक नाबालिग बालिका से अनाचार करने वाला आरोपी युवक फरार हो गया था और वह जंगल में छिप गया था। बेलगहना पुलिस ने दर्ज एफआईआर के हवाले से जानकारी दी है कि 23 मई की शाम आरोपी रंजीत यादव एक 10 वर्षीया बालिका को घुमाकर लाने का झांसा देकर अपने मोटर साइकिल में बैठाकर ले गया। फिर आगे जाकर बेलगहना चौकी क्षेत्र के सक्तीबहरा में सुनसान खेत में ले जाकर बालिका से जबरन अनाचार किया।

रात बीत जाने के बाद दूसरे दिन सुबह बालिका को उसके घर पर छोड़ दिया। रात भर तलाश के उपरान्त जब परिजन घर लौटे तो पीडि़त बालिका ने अपने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद 24 मई को पीडि़ता के परिजनों ने थाना कोटा जाकर शिकायत दर्ज करायी। थाना कोटा में आरोपी रंजीत यादव के विरूद्ध अपराध धारा 64 बीएनएस व 04,06 पाक्सो एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी रंजीत यादव 20 साल निवासी सक्ती बहरा की तलाश की जा रही थी। इस बीच पता चला कि वह जंगल में छिपा हुआ है। तब पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाने के लिए ड्रोन का उपयोग करने का फैसला किया। ड्रोन से आरोपी की लोकेशन मिल गई और उसे पुलिस टीम ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।

रीसेंट पोस्ट्स