फर्जी PA बनकर बीजेपी विधायक से ठगी, 10 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों ठगों के हौसले इस कदर बुलंद है कि बीजेपी सरकार में बीजेपी विधायक को ही अपना निशाना बना रहे। आरोपी ठग ने खुद को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पीए बताकर रायपुर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से 10 हजार ठग लिए। विधायक को जब खुद के साथ ठगी की जानकार हुई तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जाँच में जुट गई है।
दरअसल, ये पूरा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। रायपुर उत्तर से बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ ठगी हुई। आरोपी ठग ने बीजेपी विधायक को काॅल किया और खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पीए बताया। इसके बाद आरोपी ठग ने वाहन में डीजल खत्म होने की बात कहते हुए विधायक को डीजल डलवाने के लिए पैसे देने को कहा।
बातचीत के दौरान विधायक पुरदंर मिश्रा ठग के झांसे में आ गए और आरोपी को ऑनलाइन ट्रांसफर में 10 हजार रूपए दे दिए। विधायक ने दो किस्तों में पहले 4500 और फिर बाद में 5500 रूपए खाते में भेज दिए।
रूपए ट्रांसफर करने के थोड़ी देर बाद आरोपी ने फिर से काॅल किया और फिर से रूपए की मांग की। विधायक को आरोपी पर शक हुआ और उन्होंने इसकी शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के लोकेशन को भी ट्रेस किया जा रहा है।
इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बीजेपी पर चुटकी ली। प्रवक्ता सुशील शुक्ला आनंद ने कहा कि प्रदेश में लगातार अपराध हो रहे। भाजपा के दिग्गज नेजा और विधायक धरम लाल कौशिक के साथ पिछले दिनों लूट हुई। अब विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ ठगी हो गई। जब विधायक अपराधियों का शिकार हो रहे तो फिर आम जनता का क्या ही होगा।