NH पर युवती का ड्रामा: शैंपेन उड़ाई, कार पर चढ़कर दिए पोज, VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

970b915f-6b8c-4275-aaa5-3b4214a9e961

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर एक युवती ने चलती कार के सामने रैंप वॉक किया, शैंपेन की बोतल खोलकर मस्ती की और कार की छत पर खड़े होकर अलग-अलग पोज देते हुए रील बनाई है। वीडियो कोनी थाना क्षेत्र का है। जब रील वायरल हुआ तो ट्रैफिक पुलिस एक्शन मोड पर आ गई। कार के नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ी के मालिक की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर उसी अंदाज में तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार, देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर नजर आ रही है। तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे युवती चलती कार के सामने रैंप वॉक, शैंपेन की बोतल से झाग उड़ाती दिखाई दे रही है। रैंप वॉक के बाद, कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज देते नजर आ रही है। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर ली है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा, कार को जब्त करने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए RTO को पत्र भेजा जाएगा। चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, स्टंट करना या मुख्य मार्ग पर इस तरह का सेलिब्रेशन गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।

बता दें, हाईवे पर रील बनाने और स्टंट करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में BMW कार सवार युवक हाईवे पर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी गर्लफ्रेंड सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आई थी।

वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने BMW कार जब्त कर ली थी। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने उसमें सवार युवक प्रतीक लूथर (36) के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की थी।

8 महीने पहले अक्टूबर 2025 में बिलासपुर-मस्तूरी नेशनल हाईवे पर कुछ रसूखदारों ने गाड़ियों का काफिला निकालकर जाम लगा दिया था। शहर की सड़कों पर 15-20 कारों का काफिला एक साथ निकला। जिसमें करीब 18 लड़के सवार थे।

लड़कों ने ना केवल सड़कों पर जाम लगाया, रील बनाने के लिए स्टंटबाजी भी की थी, जिसमें लड़के चलती कार की खिड़की पर बैठकर फोन चलाते दिखे। पुलिस ने सभी 18 लड़कों को पकड़ लिया था।

तकरीबन 10 महीने पहले बिलासपुर में कुछ रसूखदार और प्रभावशाली लड़कों ने बीच सड़क लग्जरी कारें खड़ी कर दी थी, जिससे बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे जाम पर लंबा जाम लगा रहा। बाकायदा इसका रील्स बनाकर 2 दिन पहले इंस्टाग्राम में भी अपलोड किया गया था। भाजपा नेता के करीबी और कांग्रेस नेता रहे विनय शर्मा के बेटे वेदांश शर्मा ने दो नई लग्जरी और महंगी कार खरीदी थी। इस दौरान वह अपने दोस्तों के साथ टोयोटा शो रूम गया था। जहां उसने अलग-अलग पोज में वीडियो बनवाया था।

रीसेंट पोस्ट्स