नायब तहसीलदार विवाद में बढ़ा सियासी तापमान, गिरफ्तारी देने जा रहे विधायक को समर्थकों ने घेरा, फिर पैदल हुए रवाना
सरगुजा। सीतापुर के भाजपा विधायक ने नायब तहसीलदार को समर्थकों के साथ जमकर मारपीट कर दी। अब यह विवाद गहराने लगा है। राजस्व निरीक्षक संघ ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। बढ़ते दबाव को देखते हुए विधायक गिरफ्तारी देने के लिए रवाना हो रहे थे, समर्थकों ने रोक लिया। वाहन से उतरकर वे पैदल ही निकल पड़े।
विधायक रामकुमार टोप्पो सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा के समक्ष अपनी गिरफ्तारी देंगे। विधायक के अवाला 3 अन्य समर्थक भी उनके साथ गिरफ्तारी देने के लिए रवाना हुए। नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक सहित 10 लोगों के खिलाफ पुलिस ने गैर जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया है। विधायक की रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग करते हुए और नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की घटना के विरोध में अधिकारी कर्मचारी संघ कलम बंद कर हड़ताल पर चले गए है।
विधायक टोप्पो ने कहा कि, राजस्व कर्मियों को हड़ताल पर जाने की जरूरत नहीं है। मैं अपनी गिरफ़्तारी देने जा रहा हूं। उन्होंने समर्थकों से अपील कि, जमावड़ा या पैनिक होने की जरूरत नहीं है। ये सुशासन की सरकार है, मेरे खिलाफ एफआईआर कराने में भी कोई परेशानी नही हुई, अब मैं मेरी गिरफ्तारी दूंगा।
बता दें, गुरुवार को राजस्व निरीक्षक संघ ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीतापुर थाने का घेराव कर दिया था। संघ ने कहा कि, दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सामूहिक हड़ताल के लिए बाध्य होंगे।
विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन राजस्व संबंधी काम से नायब तहसीलदार कार्यालय गई थी। नायब तहसीलदार कार्यालय पहुंची तो उनकी अधिकारी से बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि, नायब तहसीलदार ने फ़ाइल फेंक दी और महिला को निकल बाहर कर दिया। नायब तहसीलदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है विधायक ने समर्थकों के साथ उस पर हमला किया। मारपीट की, कपड़े भी फाड़ दिए। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।