महिला एसपी के जिले में पुलिस पर गंभीर आरोप, नाबालिग से थाने में बर्बर पूछताछ, पूरी रात पुलिस पूछती रही- किससे था संबंध?

police_thumbnail_250kb

राजनांदगांव| राजनांदगांव जिले से बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया है. जहाँ की एसपी खुद एक महिला हैं वहां नाबालिग के साथ ऐसी बर्बरता हुई जिससे सुन किसी का भी खून खौल जाए. सोमनी थाना क्षेत्र में 14 साल की बीमार नाबालिग को गर्भवती बता दिया गया. इतना ही नहीं उसे रात भर थाने में बिठाकर रात थाने में बिठाकर उसके प्रताड़ित किया गया, गला दबाने, गाली-गलौच और मारपीट की गयी है.

पूरा मामला जिले के सोमनी थाने का है. पीड़िता बच्ची सोमनी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 साल की नाबालिग है. पिछले कुछ समय से बच्ची बीमार थी. मासिक धर्म से जुड़ी पेट दर्द की शिकायत थी. पेट दर्द की शिकायत बढ़ने के बाद परिजन उसे 25 मई को सोमनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए ले गए.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने जांच के बाद बच्ची को गर्भवती बता दिया. जिसे सुन परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गयी. इसके बाद जो हुआ वह हैरान कर देने वाला था. बच्ची को गर्भवती बताने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. फिर क्या सोमनी पुलिस ने देर रात किशोरी को उसके रिश्तेदार के घर से उठा लिया और पूरी रात थाने में बिठाए रखा.

आरोप है रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक उसे थाने में बिठाकर प्रताड़ित किया गया. महिला कांस्टेबल ने पूछताछ के नाम पर बच्ची को टॉर्चर किया. किशोरी का गला दबाने की कोशिश की, गाली-गलौच और मारपीट किया. इतना ही नहीं नाबालिग से बेहद ही शर्मनाक सवाल किया गया. पूछा गया, – उसने किससे सम्बन्ध बनाया. अगले दिन दुबारा बच्ची का टेस्ट कराया गया जिसमे रिपोर्ट नेगेटिव आई.

आरोप है जांच के दौरान भी बच्ची से मारपीट की गयी. उसके शरीर पर चोट के निशान हैं. महिला कांस्टेबल द्वारा गला दबाने के के चलते बच्ची के गले में सुजन हैं. बच्ची सदमे में हैं दो दिन से कुछ भी नहीं खा रही है.

वहीँ, यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. परिवार वालों ने कांग्रेस नेताओं के साथ पहुंचकर इसकी शिकायत कलेक्टर और एसपी से की. साथ ही दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की.

मामला सामने आने के बाद एक्शन लिया गया है. सीएमएचओ ने सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल ऑफिसर डॉ. मौन्या साहू को हटा दिया है. उसे बसंतपुर स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में संलग्न किया गया है. दूसरी तरफ, सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण नामदेव को भी हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है. तुमड़ीबोड़ चौकी प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल को सोमनी में तैनात किया गया है.

इस सम्बन्ध में एसपी अंकिता शर्मा ने बताया, प्रथम दृष्टया में थाना प्रभारी की लापरवाही सामने आयी है. उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया है. इस मामले में जांच कराई जा रही है. दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

रीसेंट पोस्ट्स