बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत: पुराना बिल होगा खत्म! 30 जून से पहले मोबाइल से करें आवेदन, मिलेगा लाभ
रायपुर| छत्तीसगढ़वासियों के लिए ये काम की खबर है। अगर आपका भी पुराना बिजली बिल बकाया है और आप भारी-भरकम रकम देखकर परेशान हैं, तो सरकार आपको बड़ी राहत देने जा रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने बकाया बिजली बिलों को सेटल करने के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना शुरू की है। इसमें घरेलू, किसान और बीपीएल कनेक्शन धारकों को सीधे फायदा मिलेगा।
लेकिन ध्यान रहे, ये छूट आपको घर बैठे अपने आप नहीं मिलने वाली। इसके लिए सरकार ने एक शर्त रखी है। आपको अपने मोबाइल पर मोर बिजली ऐप डाउनलोड करके उसमें रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
इस योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। अकेले रायपुर जिले की बात करें तो अब तक 30 हजार से ज्यादा बिजली उपभोक्ता इस ऐप पर अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। बिजली विभाग के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, सिर्फ रायपुर के इन उपभोक्ताओं को ही करीब 40 लाख रुपये तक की छूट मिलने की उम्मीद है। जब पूरे प्रदेश के आंकड़े सामने आएंगे, तो यह राहत करोड़ों में पहुंच जाएगी।
बिजली विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस योजना में रजिस्ट्रेशन कराने की आखिरी तारीख 30 जून तय की गई है। इसके बाद किसी का भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अफसरों का कहना है कि अभी एक महीने का समय बचा है, इसलिए उम्मीद है कि आवेदकों की संख्या दोगुनी से भी ज्यादा हो जाएगी। इससे सालों से फंसा हुआ बिजली विभाग का पैसा भी वापस आएगा और जनता का बोझ भी हल्का होगा।
मोबाइल से 2 मिनट में ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
- अगर आप भी इस छूट का फायदा उठाना चाहते हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:
- सबसे पहले अपने मोबाइल के प्ले स्टोर पर जाएं और ‘More Bijli App’ डाउनलोड करें।
- ऐप खोलते ही स्क्रीन पर योजना से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें।
- इसके बाद एक फॉर्म खुलेगा, जहां आपको अपना बिजली बिल उपभोक्ता क्रमांक (BP Number) डालना होगा।
- अपना नाम, मोबाइल नंबर और मांगी गई बाकी जानकारी भरकर फॉर्म सबमिट कर दें।
30 जून को जैसे ही रजिस्ट्रेशन बंद होगा, विभाग आपके आवेदन की जांच करेगा। आपकी कैटेगरी के हिसाब से तय किया जाएगा कि आपको कितनी छूट मिलेगी।