खान सर की कोचिंग के बाहर गोली चलने से हड़कंप, गोलीबारी पर खान सर का बड़ा खुलासा, बोले- कुछ लोगों की जलन बनी हमले की वजह
Khan Sir Coaching Centre Firing News: फेमस टीचर खान के पटना स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर कल रात फायरिंग और तोड़फोड़ की गई है। कदमकुआ थाना क्षेत्र की मछुआटोली में खान सर की कोचिंग है। फायरिंग की खबर मिलते ही मौके पर कई थाने की पुलिस पहुंच गई। फायरिंग के पीछे दो कोचिंग संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई वजह बताई जा रही है।
गोलीबारी की घटना पर खान सर ने कहा है कि जब फायरिंग हुई तो वह कोचिंग सेंटर में ही थे। उन्होंने 8-10 राउंड गोलियां चलते देखा है। घटना में एक सुरक्षा गार्ड के घायल हुआ है। खान सर ने कहा है कि तोड़फोड़ और गोलीबारी करने वाले सीसीटीवी की कैद में हैं। सभी लोग चिह्नित किए गए हैं।
खान सर ने कहा कि इस हमले में बगल की कोचिंग वाले का हाथ है। उनके बगल की कोचिंग वाले को तकलीफ है कि इतने कम फीस में इतना अच्छा रिजल्ट क्यों आ रहा है। बगल की कोचिंग वाले ने धमकी दी है कि 2 दिनों में खान सर की कोचिंग उड़ा देगा।
इस हमले के बाद खान सर ने आशंका जताते हुए कहा है कि हाल में बिहार पुलिस परीक्षा का काफी अच्छी संख्या में रिजल्ट आया है। उसके बाद से उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने सुरक्षा की मांग की। यह भी कहा कि कुछ लोगों को जलन है, जिसके कारण यह हमला किया गया। मामले में नामजद एफआईआर कराई गई है। पुलिस छानबीन में जुटी है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस हमले के बाद खान ग्लोबल स्टडीज को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। घटना बाद से कोचिंग में पढ़ाई शुरू नहीं की गई है। वहीं, बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर के बाहर पहुंच रहे हैं। मगर, संस्थान द्वारा उन्हें पढ़ाई शुरू होने या कोचिंग खुलने को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। छात्रों की भीड़ बढ़ती जा रही है। छात्र अपनी कक्षाओं को लेकर असमंजस में हैं। फिलहाल कोचिंग प्रबंधन ने अगली सूचना तक संस्थान बंद रखने का फैसला लिया है।