मौसम में बड़ा बदलाव: अगले 5 दिन आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, 11 जून से मूसलाधार वर्षा के संकेत

mausam

रायपुर। देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। अब इसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलने वाला है। रायपुर मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए गरज-चमक व आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान करीब 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चल सकती है।

बता दें कि इन दिनों छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग की माने तो जल्द ही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ो से लोगों को राहत मिलने वाली है। आज से पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में मौसम सुहावना बना रहेगा और अधिकतम तापमान 40 से उपर नहीं जाएगा। वहीँ, 11 जून के बाद झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष भाग और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के शेष भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में स्थित चक्रवाती परिसंचरण से उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होते हुए उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर बनी हुई है। एक द्रोणिका पूर्वी बिहार से गंगीय पश्चिम बंगाल से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक बनी हुई है।

”पिछले 24 घंटों में, प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ, तथा 1°C की हल्की वृद्धि हुई। प्रदेश में अगले 5 दिनों तक एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन की गतिविधि के साथ तेज हवा तथा हल्की वर्षा होने की संभावना है, साथ ही 11 जून से मेघगर्जन की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अगले 2-3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।”

जानिए तापमान

लालपुर (रायपुर) 42.2

माना एयरपोर्ट 42.6

बिलासपुर 41.0

पेण्ड्रारोड 37.6

अंबिकापुर 36.6

जगदलपुर 38.4

दुर्ग 41.2

रीसेंट पोस्ट्स