पीड़िता का आरोप: नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म का केस दर्ज, फिर भी अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी

rape-nabalig_1623575484

रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना में नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। ये केस 26 मई को पीड़िता ने दर्ज करवाया है। पीड़िता का आरोप है कि केस दर्ज हुए 15 दिनों से ज्यादा हो गए, लेकिन आरोपी तहसीलदार को पुलिस ने अबतक के गिरफ्तार नहीं किया है।

दरअसल, गंज थाने में पीड़िता द्वारा 26 मई को शिकायत दर्ज करवाई थी। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर से उसकी जान-पहचान सोशल मीडिया पर हुई थी। इस दौरान शैलेंद्र दिवाकर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ नजदीकियां बढ़ाई। दोनों एक दूसरे से मिलते-जुलते थे। इसी बीच तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर पीड़िता को रायपुर के गंज स्थित एक होटल में लेकर पहुंचा था, जहां उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाया।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि संबंध बनाने के बाद तहसीलदार ने शादी से इनकार कर दिया। इस बात से दुखी पीड़िता ने इसकी शिकायत रायपुर के गंज थाने में दर्ज करवाई है।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शिकायत के 15 दिन होने के बाद भी रायपुर पुलिस ने नायब तहसीलदार को गिरफ्तार नहीं किया है। पीड़िता ने कहा कि आरोपी के परिजन लगातार रायपुर पुलिस के संपर्क में है और केस दबाने को लेकर दबाव बना रहे है। पुलिस भी आरोपी को बचाने में लगी हुई है।

ADCP तारकेश्वर पटेल ने पीड़िता के आरोपों पर कहा कि आरोपी और पीड़िता दोनों रायपुर के नहीं है। घटना गंज थाना क्षेत्र के एक होटल की है। पीड़िता की शिकायत दर्ज होते ही आरोपी फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने सूरजपुर में छापा भी मारा था, लेकिन आरोपी वहां से भी फरार हो गया था। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के हरसंभव प्रयास किए जा रहे है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।