स्कूल खुलने से पहले अभिभावकों पर बढ़ा आर्थिक बोझ, फीस में हुई दोहरी बढ़ोतरी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने नए सत्र में बोर्ड परीक्षाओं की फीस में जबरदस्त बढ़ोतरी कर दी है। इससे प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के पालकों पर असर पड़ेगा। इसके अलावा अन्य कामों की फीस भी बढ़ा दी गई है। इसमें परीक्षा फार्म भरने, अंक सूची लेने और प्रायोगिक परीक्षा की फीस भी बढ़ गई है। आगामी शिक्षा सत्र में इसी आदेश के तहत फीस ली जाएगी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इससे पहले वर्ष 2021 में फीस में परिवर्तन किया था और इसमें संशोधन का आदेश जारी कर दिया गया है। मंडल ने आदेश में वित्त समिति की बैठक 14 अक्टूबर 2025 और कार्यपालिका समिति की बैठक 23 दिसंबर 2025 में लिए गए फैसले का हवाला दिया है।
बोर्ड ने 2 फरवरी को जारी आदेश में आंशिक संशोधन कर नई दरें जारी की है। इसमें कहा गया है कि अब हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के नियमित परीक्षा शुल्क को समिति के निर्णय के अनुसार 460 से बढ़ाकर अब 800 रुपए कर दिया गया है। यह बढ़ी हुई दरें चालू शैक्षणिक सत्र 2026-27 से आगामी आदेश तक अनिवार्य रूप से लागू रहेंगी। साथ ही जिन अन्य मदों के शुल्क में कोई बदलाव या वृद्धि नहीं की गई है, वे पहले की तरह ही सामान्य रहेंगे। माशिमं ने उक्त आदेश की प्रति स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त, समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों और सभी मान्यता प्राप्त शासकीय व अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों को पालनार्थ भेज दी गई है।
खास बात यह है कि इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी स्कूलों में छात्रों से वसूले जाने वाले फीस में पहले से वृद्वि की घोषणा की जा चुकी है। जिसके हिसाब से पहले हाई स्कूल में छात्रों से साल में 410 रुपए शुल्क लिया जाता था उसे बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया गया है। जो पहले से 90 रूपए अधिक है। इसी तरह हायर सेकेण्डरी स्कूल के छात्र पिछले साल तक 445 रुपए का शुल्क देते वे अब आगामी शिक्षा सत्र से 550 रुपए फीस देंगे। जो पहले की अपेक्षा 105 रूपए अधिक है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले छात्रों पर फीस का बोझ लाद दिया है। अभी तक प्रदेश में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों और पीएम श्री विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों से किसी तरह की शुल्क नहीं ली जाती थी। नए आदेश के बाद उक्त स्कूलों में हाईस्कूल में 500 रुपए और हायर सेकेंडरी स्कूलों में 550 रुपए शुल्क लिया जाएगा। परीक्षा शुल्क, विज्ञान प्रायोगिक शुल्क, क्रीड़ा निधि, गतिविधि शुल्क और विज्ञान क्लब निधि जैसी कई मदों के नाम पर छात्रों से फीस ली जाएगी।
- शुल्क का मद पुराना शुल्क नया बढ़ा हुआ शुल्क
- नियमित परीक्षा शुल्क 280 रुपए 480 रुपए
- अंकसूची 100 रुपए 200 रुपए
- प्रायोगिक परीक्षा प्रति विषय 80 रुपए 120 रुपए