24 डिसमिल बेचने के नाम पर 3.14 एकड़ जमीन हड़पी, फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की जमीन पर कब्जा, लोगों पर FIR के निर्देश
सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ के भिट्ठीकला गांव में एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला ने अपनी 24 डिसमिल जमीन बेची, खरीदार ने फर्जी विक्रय पत्र के साथ उसकी पूरी 3.14 एकड़ जमीन हड़प ली। महिला ने अंबिकापुर कलेक्टर अजीत वसंत से गुहार लगाई थी। कलेक्टर एसडीएम व तहसीलदार को जांच कर रिपोर्ट पेश करने कहा था। एसडीएम व तहसीलदार के रिपोर्ट के बाद कलेक्टर ने फर्जीवाड़ा करने वाले सभी 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर का निर्देश तहसीलदार को दिया है।
आवेदिका सावित्री यादव, निवासी भिट्ठीकला महुआटिकरा तहसील अंबिकापुर ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया, उनके स्वामित्व एवं आधिपत्य की भूमि ग्राम भिट्ठीकला स्थित खसरा क्रमांक 782, 783 एवं 790, कुल रकबा 1.271 हेक्टेयर है। उक्त भूमि में से मात्र 24 डिसमिल भूमि का विक्रय सौदा अनावेदिका पुष्पा अग्रवाल, पति अनिल अग्रवाल, निवासी रायपुर के साथ 3 लाख रुपये प्रति डिसमिल की दर से कुल 72 लाख रुपये में तय हुआ था। अन्य अनावेदकों के साथ षड्यंत्र कर उसकी सम्पूर्ण 1.271 हेक्टेयर (लगभग 3.14 एकड़) भूमि का फर्जी विक्रय पत्र 15 मई 2026 को निष्पादित करा लिया गया।
इस पूरे मामले की तहसीलदार एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंबिकापुर द्वारा जांच की गई। जांच प्रतिवेदन, मौका निरीक्षण एवं हल्का पटवारी की रिपोर्ट के अवलोकन में यह तथ्य सामने आया कि विक्रय के लिए केवल सीमित भूमि का सौदा हुआ था, जबकि ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आवेदिका की संपूर्ण भूमि का विक्रय दर्ज कराया गया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंबिकापुर के प्रतिवेदन के आधार पर आवेदिका के स्वामित्व की ग्राम भिट्ठीकला तहसील अंबिकापुर स्थित उपरोक्त भूमि का पंजीबद्व विकय पत्र 12 मई 2026 कूटरचित निष्पादित कराये जाने पर अनावेदिका पुष्पा अग्रवाल पति अनिल अग्रवाल निवासी मालती लाइफ स्टाइल महोबा बाजार कोटा रोड रायपुर (छ.ग.) एवं अनावेदक सागर विश्वकर्मा, डोमन राजवाड़े आ. प्रभु, जीतन विश्वकर्मा, आशीष उर्फ बाबा एवं दस्तावेज लेखक कमर कादरी आ. स्व. अब्दुल वाहिद के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश कलेक्टर ने दिया है। पालन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करने का निर्देश भी कलेक्टर ने दिया है।
