फंदे पर लटकी मिली 22 वर्षीय महिला की लाश, मोबाइल से मिला डेढ़ घंटे का वीडियो; जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़| छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से आत्महत्या का मामला सामने आया है. कोष्टापारा इलाके में 22 साल की शादीशुदा महिला ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. सुसाइड का लाइव वीडियो भी रिकॉर्ड हुआ है. बताया जा रहा है रील बनाने के दौरान हादसा हुआ है.
मामला जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है. मृतका की पहचान कोष्टापारा इलाके की रहने वाली 22 साल की शादीशुदा महिला विशाखा देवांगन के रूप में हुई है. विशाखा देवांगन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसकी लाश साड़ी के फंदे से पंखे पर लटकी हुई थी.
जानकारी के मुताबिक़, विशाखा देवांगन का पति शुभम देवांगन जूता चप्पल की दुकान में काम करता है. दोनों की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी. घटना के वक्त वो घर पर अकेली थी. जब सास घर आयी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला.
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो विशाखा की लाश साड़ी के फंदे से पंखे पर लटकी हुई थी. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
घटनास्थल से फोन मिला है जिसमे करीब डेढ़ घंटे का वीडियो मिला है. वीडियो में महिला पंखे पर साड़ी बांधकर फंदा तैयार करती दिखाती दे रही है. इसके बाद उसका पैर फिसल जाता है और फंदे से लटक जाती है. वह फंदा काटने की भी कोशिश कर रही है. प्राथमिक जांच में पता चला रील बनाने के दौरान हादसा हुआ है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.