चाकूबाज आरोपी को काबू करने गई पुलिस टीम पर हमला, डायल-112 आरक्षक पर लाठी से वार

DIAL112_250kb(2)

बिलासपुर। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान एक पुलिस जवान पर हुए जानलेवा हमले ने शहर में सनसनी फैला दी है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदण्ड में हत्या के प्रयास की सूचना पर पहुँचे डायल-112 के आरक्षक पर आरोपी ने लाठी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल आरक्षक का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक मोरज सिंह ध्रुव की ड्यूटी डायल-112 वाहन में लगी हुई थी। 17 जून की देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कुदुदण्ड के सूर्यवंशी मोहल्ले में हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला हुआ है। सूचना मिलते ही आरक्षक मोरज सिंह चालक शंभू बैस के साथ मौके पर पहुँचे।

मौके पर पहुँचने पर पुलिस टीम ने देखा कि सागर सूर्यवंशी हाथ में बड़ा चाकू लेकर घर से बाहर निकला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक ने साहस दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया और कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इसी बात से नाराज आरोपी ने पुलिस जवान के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और पास में रखी लाठी उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले में आरक्षक मोरज सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घायल जवान मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। इसके बाद डायल-112 के चालक ने घायल आरक्षक को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुँचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी सागर सूर्यवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132 और 221 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।