AI की दुल्हन, असली ठगी! मॉडल जैसी अमीर लड़की से शादी का लालच देकर ठगते थे युवक, फर्जी मैरिज ब्यूरो का पर्दाफाश

dulhan

कानपुर| उत्तरप्रदेश के कानपुर में साइबर ठगी करने वाले एक ऐसे शातिर गिरोह को पर्दाफ़ाश हुआ है जो शादी कराने के नाम पर युवकों को चूना लगाते थे. ये लोग AI से बनी खूबसूरत लड़की की तस्वीर और मीठी आवाज सुनाकर लड़कों को फंसाते थे फिर उनकी कमाई लूट लेते थे.

मामला नौबस्ता थाना क्षेत्र का है. इसका खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. उसने बताया शादी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी हुई है. शादी कराने के नाम पर करीब 4 लाख रुपये ठग लिए हैं. एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर उसने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था.

उसे अलग अलग सुन्दर लड़कियों की फोटो दिखाई गयी. फिर प्रोफाइल एक्टिवेशन, प्रीमियम मेंबरशिप, दस्तावेज सत्याप, बातचीत कराने, शादी फाइनल कराने की फीस अलग अलग नाम उससे पैसे लिए गए पर शादी नहीं हुई. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गयी.

किसी बड़े की आशंका पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर आईपीएस अंजलि विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने कॉल डिटेल्स, इससे जुडी वेबसाइट आदि की जांच की. जिसके बाद फर्जी कॉल सेंटरों पर छापा मारकर मुख्य आरोपी रंजीश कुमार गौड़ समेत कॉल सेंटर की 23 लड़कियों को गिरफ्तार किया गया. जबकि अन्य तीन मुख्य आरोपी अमित, करम पटेल और जागृति फिलहाल फरार हैं.

जांच में पता चला ये गैंग फेसबुक, इंस्टाग्राम और विभिन्न मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म से ऐसे अमीर युवकों का डाटा इकठ्ठा करते थे जिन्हे शादी करनी है. इसके बाद कॉल सेंटर की लड़कियां मैरिज काउंसलर बनकर उन्हें कॉल करती थी. सुंदर AI से बनी सुंदर लड़कियों की फोटो भेजते थे. वो लड़कियों को अमीर और टीचर-डॉक्टर प्रोफेशन की बताते थे. जैसे ही लड़के जाल में फंस जाते थे उनसे अलग अलग सर्विस के बहाने पैसे लूटने लगते थे.

पुलिस के अनुसार, इस गैंग ने छत्तीसगढ़ की एक शादी संस्था ‘परफेक्ट’ की फ्रेंचाइजी ले रखी थी ताकि लोगों को शक न हो. इतना ही नहीं इनके सदस्यों ने छत्तीसगढ़ में भी कई लोगों को चुना लगाया है. लेकिन वहां सख्ती बढ़ने के बाद उन्होंने कानपुर को में अपना नया अड्डा बनाया.

छापेमारी में पुलिस को 43 कीपैड मोबाइल और 13 एंड्रॉयड स्मार्टफोन, 3 डेस्कटॉप कंप्यूटर और 5 क्यूआर कोड, 40 रजिस्टर, 10 एटीएम कार्ड, 8 चेकबुक मिले हैं. साथ ही अलग अलग बैंक अकाउंट के खाते मिले हैं. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस को आशंका है आगे और भी खुलासे हो सकते हैं.