स्कूल के बाहर चाकूबाजी: मामूली विवाद में 11वीं के छात्र ने साथी पर किया जानलेवा हमला, एक छात्र की मौत

sansankhej mamla

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में मामूली बात पर स्कूल के बाहर दो छात्र आपस में भीड़ गए। इस दौरान एक छात्र ने घर से लाए चाकू से साथी छात्र पर हमला कर दिया। दूसरे छात्र ने भी खुद का बचाव करते हुए छात्र के हाथ से चाकू छिनकर उसके ऊपर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा छात्र गंभीर है, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है।

जानकारी के मुताबिक, ये पूरा मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव के सरस्वती स्कूल का है। 11 वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच चाकूबाजी हो गई। पूछताछ में पता चला कि एक छात्र ने साथी छात्र को मोटा कहकर चिढ़ाया था। इस बात से छात्र रंजिश रखता था।

आज दोनों छात्र स्कूल पहुंचे और छुट्टी होने के बाद एक दूसरे से गाली गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक छात्र ने घर से लाये चाकू से दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। दूसरे छात्र ने भी अपना बचाव करते हुए चाकू छीनकर उसने भी ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक छात्र का नाम अमन यदु पिता राजकुमार यदु 16 वर्ष है। वहीं, आरोपी छात्र 15 वर्षीय को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र ने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लाया था।

फिलहाल, स्कूल के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। वहीँ, इस घटना के बाद से स्कूल में पढ़ने वाले छात्र डरे-सहमे है। पुलिस इस पूरे मामले में आगे की जांच कार्रवाई कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स