केंद्रीकृत परीक्षा व्यवस्था पर सवाल, पांचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों को नहीं मिली मार्कशीट
रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने पांचवीं व आठवीं के छात्रों की इस बार केंद्रीकृत परीक्षा का आयोजन किया था। परीक्षा के बाद परिणाम की घोषणा भी कर दी है, अचरज की बात ये अब तक छात्रों को मार्कशीट नहीं मिल पाई है। दोनों परीक्षाओं कके तकरीबन सात लाख विद्यार्थियों को अंकसूची का इंतजार है। अंकसूची ना मिलने के कारण इसका सीधेतौर पर असर बढ़ी कक्षाओं में एडमिशन पर पड़ रहा है।
स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के मद्देनजर प्राइवेट स्कूलों में पांचवीं की परीक्षा 16 से 25 मार्च तक और कक्षा आठवीं की परीक्षा 17 मार्च से 6 अप्रैल तक हुई थी। शिक्षा विभाग ने शासकीय स्कूलों के साथ-साथ सभी मान्यता प्राप्त प्राइवेट में पांचवीं और आठवीं के लिए केंद्रीकृत परीक्षा प्रणाली लागू की थी। परीक्षा परिणाम घोषित हो चुके हैं, लेकिन अंक सूची अब तक स्कूलों तक नहीं पहुंची है। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के किसी भी स्कूल में अंकसूची नहीं पहुंच पाई है। लेटलतीफी का असर बच्चों व पालकों पर पड़ रहा है।
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई है। पांचवीं और आठवीं का मार्कशीट ना आने के कारण अगली कक्षाओं में एडमिशन को लेेकर दिक्कतें आने लगी है। 5वीं पास छात्र 6वीं और 8वीं पास छात्र 9वीं में एडमिशन के लिए मार्कशीट जमा करना जरुरी है।कई प्राइवेट स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को कक्षाओं में बैठने की अनुमति तो दे दी है, जब तक मार्कशीट जमा नहीं करेंगे,एडमिशन नहीं हो पाएगा। मार्कशीट जमा करने के बाद ही एडमिशन की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।