दिनदहाड़े कारोबारी का अपहरण: नाम पूछकर बदमाशों ने पिस्तौल दिखाई और जबरन साथ ले गए

kidnapping_260kb

मरवाही| गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराना व्यवसायी का उसके घर के सामने से हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की पूरी तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम उषाढ़ निवासी किराना व्यवसायी गिरीश यादव अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान नीले रंग की बलेनो कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे दो युवकों ने पहले गिरीश यादव की पहचान की पुष्टि की और फिर अचानक उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास करने लगे।

परिजनों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर अलग कर दिया। इसके बाद पिस्तौल दिखाकर गिरीश यादव को कार में बैठाया और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस हरकत में आ गई। जिले के सभी सीमावर्ती थानों और चेक पोस्ट को अलर्ट कर दिया गया है। मध्य प्रदेश की सीमा नजदीक होने के कारण अंतरराज्यीय नाकों पर भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपहर्ताओं की लोकेशन का पता लगाया जा सके।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपहरणकर्ता हथियारबंद थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर अपहृत व्यवसायी को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।