कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में आधे ज्यादा हिस्से में हुआ सक्रिय

man

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से सक्रिय हो गया है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने के बाद मानसून ने महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जल्द ही कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के शेष इलाकों में भी मानसून दस्तक दे सकता है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार शाम हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई। बारिश के असर से प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। मंगलवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। ऑरेंज अलर्ट के तहत कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं यलो अलर्ट के तहत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर सहित कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।