गरियाबंद: सुसाइड से पहले युवक ने डायल-112 को किया कॉल, फिर कुएं में कूदकर दी जान

maut

गरियाबंद| छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा कथित तौर पर कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय लोकेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्कूल में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई है और हर पहलू की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना देवभोग थाना क्षेत्र के कुदलीमुड़ा गांव की है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद युवक ने यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।

आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।  जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि आत्महत्या से पहले लोकेश कुमार यादव ने डायल-112 पर कॉल किया था। पुलिस कॉल के कारण और उससे जुड़े घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।

शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि घटना के समय युवक शराब के नशे में था, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

रीसेंट पोस्ट्स