ग्रामीण बैंक में सेंधमारी से हड़कंप, एटीएम तोड़ा, CCTV-DVR से छेड़छाड़ कर सबूत मिटाने की कोशिश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना के ग्राम बेलतरा के ग्रामीण बैंक में रविवार रात चाेरों ने सेंधमारी कर दिया। बैंक के पीछे की दीवार को तोड़कर भीतर घुसने की कोशिश की। इस बीच कैम्पस में लगे एटीएम में भी तोड़फोड़ कर दी। आरोपी बैंक से कैश या अन्य सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
चोरों ने रात का फायदा उठाकर बैंक को निशाना बनाया। बैंक के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और भीतर प्रवेश करने की कोशिश की। इसी दौरान बैंक के बगल में लगे एटीएम को भी नुकसान पहुंचाया है। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुबह जानकारी मिलते ही बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि, बदमाशों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम से छेड़छाड़ की है। इसके चलते पुलिस अब डीवीआर, बैंक परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को आशंका है, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों ने पहले बैंक की रेकी की थी और उसी के बाद सुनियोजित तरीके से चोरी का प्रयास किया।
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया , ग्राम बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। निरीक्षण में बैंक की दीवार और एटीएम में तोड़फोड़ की पुष्टि हुई है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और सीसीटीवी व डीवीआर की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बैंक प्रबंधन से घटना से जुड़ी पूरी जानकारी ले रही है। साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर गिरफ्तारी की जाएगी।