बिना अनुमति हरे-भरे पेड़ों की कटाई पड़ी भारी, हेड मास्टर सस्पेंड; जेडी ने की कार्रवाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुरूर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बड़झूम के प्रधान पाठक डोंगर सिंह निषाद को जेडी दुर्ग संभाग ने निलंबित कर दिया है। उनके ऊपर स्कूल कैम्पस में लगे 29 हरे-भरे पेड़ों को बगैर अनुमति कटवाने का आरोप है।
संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, दुर्ग ने 8 जुलाई को आदेश जारी कर, जिला शिक्षा अधिकारी बालोद की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जेडी ने आदेश में लिखा है, प्रधान पाठक ने स्कूल विकास समिति के प्रस्ताव के आधार पर विद्यालय परिसर में पेड़ों की कटाई कराई, लेकिन इसकी सूचना या अनुमति उच्च कार्यालय से प्राप्त नहीं की गई और ना ही दी गई।
प्रधान पाठक के इस कृत्य को शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही, कर्तव्य की उपेक्षा तथा स्वेच्छाचारिता माना है। इसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जेडी द्वारा जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डौंडी लोहारा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। जेडी ने एक सप्ताह के भीतर हेड मास्टर के विरुद्ध आरोप पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी बालोद को निर्देश दिया है।