टॉयलेट में बर्तन साफ करने का VIDEO वायरल, हड़कंप के बीच ढाबे का लाइसेंस किया गया सस्पेंड

सक्ती। सक्ती जिले के हरेठी स्थित एक ढाबे का खाद्य लाइसेंस खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई ढाबे के टॉयलेट में बर्तन धोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने की। जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद विभाग ने ढाबा संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
विभाग ने ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो खाद्य लाइसेंस निरस्त (रद्द) करने की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो ढाबे में भोजन करने आए एक ग्राहक ने बनाया था, जिसने बाद में इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और प्रशासन ने जांच शुरू की।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।