वैभव मिश्रा ने बढ़ाया प्रदेश का मान, मावलंकर व ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैम्पियनशिप की तीन स्पर्धाओं में पहली बार किया क्वालीफाई

रायपुर। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य राइफल एसोसिएशन द्वारा राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैम्पियनशिप आयोजित की गई है। छत्तीसगढ़ पुलिस के वैभव मिश्रा ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित जी. वी. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप एवं ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैम्पियनशिप–2026 के लिए तीन अलग-अलग इवेंट में क्वालीफाई किया है।
यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ पुलिस के लगभग 26 वर्षों के इतिहास में पहली बार दर्ज हुई है, जब विभाग के किसी निशानेबाज़ ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और अथक परिश्रम के बल पर मावलंकर एवं ईस्ट ज़ोन जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में तीन अलग अलग कैटेगरी में प्रवेश सुनिश्चित किया है। छत्तीसगढ़ पुलिस के खेल इतिहास में अपने नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित कर दिया हैं।
इस सफलता के पीछे वर्षों का कठोर अभ्यास, अटूट आत्मविश्वास और पुलिस सेवा की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों के बीच खेल के प्रति समर्पण छिपा है। दिनभर की व्यस्त एवं कठिन ड्यूटी के बाद भी सीमित समय में नियमित अभ्यास करते हुए वैभव मिश्रा ने यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
अब ये राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जी. वी. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप एवं ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि केवल इनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार के लिए गौरव, सम्मान और प्रेरणा का विषय है। वैभव मिश्रा का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन पुलिस विभाग में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा।