6 वर्षों से फरार बदमाश गिरफ्तार, हत्या के प्रयास समेत 24 से ज्यादा मामलों में पुलिस कर रही थी तलाश

history-sheeter  - 10
रायपुर| राजधानी रायपुर पुलिस ने छह वर्षों से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर और स्थायी वारंटी संजय रक्सेल को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी हत्या के प्रयास सहित दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में खमतराई थाना में दर्ज हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में संजय रक्सेल फरार चल रहा था। न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया था। आरोपी की तलाश के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार अभियान चला रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों, परिचितों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, संजय रक्सेल मौदहापारा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बलवा, नकबजनी, चोरी, मारपीट, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और नारकोटिक एक्ट समेत 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।