थाने के बाहर कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना, काउंटर FIR की मांग पर अड़े नेता, BJP के खिलाफ जमकर नारेबाजी

Chhattisgarh-Politics-1

रायपुर| राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना परिसर के बाहर कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। भाजपा-कांग्रेस विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराओं में दर्ज FIR के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता 15 घंटे से अधिक समय से थाने के सामने डटे हुए हैं। कांग्रेस की मुख्य मांग है कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी काउंटर FIR दर्ज की जाए।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रात में ही टेंट, दरी, कालीन और गद्दों की व्यवस्था कर सड़क पर ही डेरा डाल दिया। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जबकि कार्यकर्ता लगातार सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है।

बैज क मुताबिक भाजपा के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्थरबाजी के लिए भाजपा नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं को उकसाया था।  बैज ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई सच्चाई, युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर है और केवल FIR दर्ज होने से पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस निष्पक्ष जांच की बात कर रही है तो फिर बिना पूरी जांच के कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई क्यों की गई।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पूरे घटनाक्रम की CCTV फुटेज सार्वजनिक करने और सभी पक्षों की मौजूदगी में उसकी जांच कराने की मांग की। कांग्रेस का दावा है कि घटना के दौरान जूते, चप्पल और बोतलें भाजपा समर्थकों की ओर से फेंकी गईं, जबकि कांग्रेस कार्यालय का घेराव भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया था। इसके बावजूद कार्रवाई केवल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर की गई।

बैज ने स्पष्ट कहा कि जब तक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी FIR दर्ज नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। इस बीच पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत का दौर जारी है। रायपुर की एसीपी पूर्णिमा लामा ने बताया कि कांग्रेस की ओर से काउंटर FIR के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

धरने से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस कानूनी व राजनीतिक दोनों स्तर पर इसका जवाब देगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई की नसीहत दी।

रीसेंट पोस्ट्स