आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, रायपुर सहित इन जिलों में होगी झमाझम बारिश

mausam

Weather Update : छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मानसून थोड़ा धीमा पड़ा हुआ है। सोमवार को भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम सूखा ही रहा और सिर्फ एकाध जगहों पर हल्की फुहारें पड़ी। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल बने रहे, लेकिन पानी नहीं गिरा। बारिश न होने के कारण तापमान बढ़ गया और लोग दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान होते रहे।

भले ही पूरे राज्य में बारिश सुस्त रही हो, लेकिन बलरामपुर जिले में बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई। बीते 24 घंटों के दौरान यहां के रघुनाथनगर में 80 मिमी और वाड्रफनगर में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा खड़गांव, रामानुजगंज और रामचंद्रपुर में भी अच्छी-खासी बारिश हुई।

मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी 4 अगस्त से पूरे छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर जोर पकड़ेंगी। मानसून द्रोणिका इस समय उत्तर भारत से होकर गुजर रही है, जिसके सक्रिय होने से छत्तीसगढ़ में मानसूनी सिस्टम मजबूत हो रहा है। इसके असर से आज से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की शुरुआत हो जाएगी, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 48 घंटों में बारिश का दायरा और इसकी तेजी दोनों बढ़ेंगे। राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ-साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी है।

अगर राजधानी रायपुर की बात करें तो सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा था। हालांकि आज मंगलवार से रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दिनभर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने के पूरे आसार हैं।