रफ्तार का कहर: ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, महिला की मौत, युवक गंभीर घायल

road_accident_news_1715801879-30

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोपरा जलाशय के पास पीछे से आ रहे भूसे से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला ट्रक और बाइक के बीच फंसकर करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। 

पुलिस के अनुसार, मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63) मंगलवार (4 अगस्त) सुबह एक परिचित के साथ बाइक से बिलासपुर आ रही थी। इसी दौरान कोपरा जलाशय के पास पीछे से आए ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद महिला ट्रक और बाइक के बीच फंस गई। हादसे में उनकी कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया और एक पैर शरीर से अलग हो गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस के मुताबिक चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसके खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ड्रिंक एंड ड्राइव के पहलू की भी जांच कर रही है।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2022 से दिसंबर 2025 के बीच बिलासपुर शहर में 156 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई। इनमें 50 लोगों की मौत हुई, 164 लोग घायल हुए। अधिकारियों का कहना है कि यदि आउटर क्षेत्र और पूरे जिले के आंकड़े शामिल किए जाएं तो मृतकों और घायलों की संख्या इससे कहीं अधिक होगी। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।

रीसेंट पोस्ट्स