गैस सिलेंडर की डिलीवरी व्यवस्था में बड़ा बदलाव, ऑनलाइन बुकिंग के 3 घंटे में पहुंचेगा सिलेंडर

lpg

बिलासपुर। एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। इंडियनऑयल ने बिलासपुर में 10 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) कंपोजिट सिलेंडर की एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता ब्लिंकिट, इंडियनऑयल वन ऐप और कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।

कंपनी का दावा है कि बुकिंग के अधिकतम तीन घंटे के भीतर सिलेंडर उपभोक्ता के घर तक पहुंचा दिया जाएगा। रायपुर के बाद अब बिलासपुर इस सुविधा से जुड़ने वाला प्रदेश का दूसरा प्रमुख शहर बन गया है।

नई सेवा की शुरुआत फिलहाल शहर की चार इंडेन गैस एजेंसियों के माध्यम से की गई है। इनमें शारदा गैस सर्विस, महामाया इंडेन, साई प्रसाद गैस और वर्तिका इंडेन शामिल हैं। शुरुआती चरण में इन्हीं डिस्ट्रीब्यूटरों के जरिए 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इंडियनऑयल का कहना है कि उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया और मांग के आधार पर आगे इस सेवा का विस्तार अन्य क्षेत्रों और गैस एजेंसियों तक भी किया जा सकता है।

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज डिलीवरी है। सामान्य घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की तुलना में यह सेवा अधिक तेज और सुविधाजनक होगी। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद अपनी सुविधा के अनुसार डिलीवरी का समय भी चुन सकेंगे। कंपनी का मानना है कि डिजिटल बुकिंग और एक्सप्रेस डिलीवरी से शहरी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगी।

बाजार में ‘एक्स्ट्रा लाइट नाउ’ नाम से उपलब्ध यह 10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों से काफी अलग है। इसका वजन कम होने के कारण इसे महिलाएं, बुजुर्ग और अकेले रहने वाले लोग भी आसानी से उठा सकेंगे। कंपोजिट सामग्री से तैयार होने के कारण इसमें जंग नहीं लगती, जिससे इसकी उम्र बढ़ जाती है और रखरखाव भी आसान हो जाता है। हल्का होने के कारण इसे रसोई या घर के अन्य हिस्सों में ले जाना भी सुविधाजनक रहेगा। इंडियनऑयल का कहना है कि आधुनिक जीवनशैली और छोटे परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर इस उत्पाद को तैयार किया गया है।

कंपनी के अनुसार यह सुविधा विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, छोटे परिवारों, किराये के मकानों में रहने वालों और ऐसे उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें कम क्षमता वाले सिलेंडर और त्वरित डिलीवरी की आवश्यकता रहती है। 10 किलो का यह फ्री ट्रेड सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग के साथ-साथ उन घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी बेहतर विकल्प माना जा रहा है, जिन्हें 14.2 किलो के पारंपरिक सिलेंडर की तुलना में हल्का सिलेंडर अधिक सुविधाजनक लगता है।

इतना होगा खर्च

  • नए 10 किलो कंपाेजिट सिलेंडर कनेक्शन के लिए 3,186 रुपये सिक्योरिटी राशि निर्धारित की गई है।
  • एक रिफिल की कीमत 715-730 रुपये तय की गई है।
  • नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ता को केवल वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा।
  • बुकिंग ब्लिंकिट, इंडियनऑयल वन ऐप और कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी।
  • फिलहाल यह सुविधा बिलासपुर की चार चयनित इंडेन गैस एजेंसियों से शुरू की गई है और आगे मांग के अनुसार इसका दायरा बढ़ाया जा सकता है।