Weather Update : छत्तीसगढ़ में फिर होगी भारी बारिश, 25 जिलों में येलो अलर्ट, IMD ने किया सावधान

mausam1

Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधि में कुछ सुधार देखने को मिल रहा है। सरगुजा और बस्तर संभाग को अगर छोड़ दें, तो राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का आंकड़ा अपने सामान्य कोटे के काफी करीब पहुंच चुका है। आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक पूरे प्रदेश में औसतन सामान्य से करीब 8 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। आने वाले समय में बारिश की यह भरपाई होने की उम्मीद जताई जा रही है।

मौसम वैज्ञानिक एसके अवस्थी के मुताबिक, झारखंड और उत्तर प्रदेश के ऊपरी हिस्से में एक चक्रवाती घेरा बन रहा है। इस वेदर सिस्टम का सीधा असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ने वाला है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी सरगुजा संभाग के एक-दो जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के आसार हैं।

इस मानसून सीजन में सरगुजा संभाग बारिश के मामले में सबसे ज्यादा पिछड़ा रहा है। यहां अब तक सामान्य से लगभग 54 प्रतिशत कम पानी गिरा है, जो चिंता का विषय बना हुआ था। हालांकि, नया चक्रवाती सिस्टम बनने से उम्मीद जागी है कि संभाग के उत्तरी इलाकों में अच्छी बारिश होगी, जिससे पानी की किल्लत और खेती-किसानी को काफी राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने मैदानी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए खास चेतावनी जारी की है। महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर और कोरबा जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है। इन इलाकों में बादलों की कड़क और गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

मौसम के अचानक बदलते मिजाज को देखते हुए राजधानी रायपुर और दुर्ग समेत प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। आकाशीय बिजली गिरने और अचानक तेज बौछारें पड़ने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न जाने की अपील की गई है।

बारिश के इस दौर के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे के बाद कई जिलों में दिन का पारा 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। फिलहाल रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से हवा में नमी बनी हुई है, जिससे चिपचिपी उमस का अहसास हो रहा है। हालांकि, एक बार जब तेज बारिश का दौर शुरू होगा, तब जाकर इस उमस से पूरी तरह राहत मिल पाएगी।