भगवान शिव पर आपत्तिजनक टिप्पणी पड़ी भारी, अरुण पन्नालाल गिरफ्तार; बजरंग दल ने किया था प्रदर्शन

अरुण पन्नालाल गिरफ्तार : सोशल मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नाल को सिविल लाइन पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है। टिप्पणी अरुण पन्नालाल की आईडी से किए जाने का आरोप है।
यह मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ता और नेता अरुण पन्नालाल के घर पहुंचे और घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने हिंदू देवी-देवताओं पर की गई टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बजरंग दल के प्रदर्शन के साथ ही भाजपा ने भी इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि सोशल मीडिया पर अरुण पन्नालाल की आईडी से भगवान शिव के खिलाफ आपत्तिजनक कमेंट किया गया है।
शिकायत और विरोध के बाद सिविल लाइन पुलिस ने देर रात अरुण पन्नालाल को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें अपनी सुरक्षा में थाने लेकर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल टिप्पणी और संबंधित सोशल मीडिया आईडी की भी पड़ताल की जा रही है।