शादी के नाम पर मैट्रिमोनियल साइट से फंसाया, दैहिक शोषण और 13 लाख की ठगी; पत्नी के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। मैट्रिमोनियल साइट पर पहचान के बाद शादी का भरोसा देकर महिला को अपने जाल में फंसाने और फिर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में तोरवा पुलिस ने फरार आरोपी और उसकी पत्नी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर पीड़तिा से नजदीकी बढ़ाई और शादी का वादा कर उसका दैहिक शोषण किया। इसके बाद नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण ले लिए। ठगी गई संपत्ति की कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार कोरबा निवासी महिला ने 9 मार्च को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की पहचान मैट्रिमोनियल वेबसाइट ‘शादी डॉट कॉम’ के जरिए पामगढ़ क्षेत्र के पवन कुमार यादव से हुई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोप है कि पवन ने महिला को अपनी वैवाहिक स्थिति के बारे में गलत जानकारी दी और शादी का भरोसा दिलाकर संबंध बनाए। बाद में उसने नौकरी दिलाने की बात कहकर महिला से रकम और जेवर लिए।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि वह अपनी पत्नी नवीता यादव के साथ अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर रह रहा था। पुलिस टीम ने पामगढ़ और सरकंडा क्षेत्र में उसके संभावित ठिकानों और ससुराल में कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। उसका मोबाइल भी लगातार बंद मिला। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी बढ़ाते हुए आरोपी के मोबाइल नंबर और उससे जुड़े बैंक खातों की जानकारी खंगालनी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी से जुड़े अधिकांश बैंक खाते बंद मिले। हालांकि उसकी पत्नी नवीता यादव के एक बैंक खाते में लगातार लेन-देन होना सामने आया। पुलिस ने खाते में हुए ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की तो बल्लभगढ़, हरियाणा क्षेत्र से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। इसी वित्तीय लेन-देन को पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने का अहम रास्ता माना और टीम को दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र भेजा गया|
बैंक ट्रांजेक्शन से मिले इनपुट के बाद पुलिस ने उस स्थान की जानकारी जुटाई, जहां से रकम निकाली गई थी। संबंधित च्वाइस सेंटर से मिले सुराग और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस टीम बल्लभगढ़ तक पहुंची। वहां दबिश देकर आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार यादव (34), निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा और उसकी पत्नी नवीता यादव (30) के रूप में हुई है। दोनों को हरियाणा से बिलासपुर लाया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ तोरवा थाने में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 9 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।