रायगढ़। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार सुबह एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मरीज का शव अस्पताल के गायनिक वार्ड स्थित बाथरूम में मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मरीज ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
बताया जा रहा है कि मरीज मेडिसिन वार्ड में भर्ती था और सुबह करीब 5 बजे से अपने बेड पर नहीं मिला। परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान मरीज का शव गायनिक वार्ड के बाथरूम में मिला।
प्रारंभिक तौर पर मरीज के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आ रही है, हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा समेत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मरीज मेडिसिन वार्ड से गायनिक वार्ड के बाथरूम तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।