जाली नोटों की फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, तीन आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद

कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट बनाने और खपाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। नकली नोटों की डिलीवरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर चौकी पोंडी पुलिस व साइबर टीम कबीरधाम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
दरअसल, शिकायतकर्ता दिनेश कुमार यादव निवासी ग्राम कमराखोल, थाना कुकदुर द्वारा चौकी पोंडी में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसके द्वारा अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3,75,000 रुपये उधार दिए गए थे, जिसके संबंध में एग्रीमेंट भी कराया गया था।
उधारी की रकम वापस मांगने पर घुरवा राम द्वारा प्रार्थी को रकम वापस करने का आश्वासन दिया गया। 9 अगस्त को घुरवा राम ने शिकायतकर्ता को बताया कि वह सतीश कुमार के माध्यम से रकम भिजवा रहा है। ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के आगे रकम लेने के लिए बुलाया।
दिनेश कुमार यादव अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ रात लगभग 9 बजे ग्राम पोंडी शराब भट्टी के आगे पहुंचा। वहां सतीश कुमार व उसके एक अन्य साथी द्वारा काले रंग के बैग में रकम दी गई।
रकम की जांच करने पर नोट संदिग्ध पाए गए। बैग खोलकर देखने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4,50,000 रूपये नकली नोट मिले। इस संबंध में प्रार्थी द्वारा दिनांक 10 अगस्त को पुलिस चौकी पोंडी में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया और प्रथम सूचना पंजीबद्ध कर आरोपियों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी सतीश कुमार द्वारा रामप्रसाद उर्फ रमऊ व घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने व खपाने की जानकारी दी गई। सतीश कुमार से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए रामप्रसाद और घुरवा राम को भी पकड़ा गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि तीनों आरोपी जुलाई 2026 से मिलकर कलर प्रिंटर के माध्यम से नये बस स्टैंड के पास एक किराये के रूम मे नकली नोट तैयार कर रहे थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा तैयार किए गए नकली नोटों को वास्तविक रकम के रूप में चलाने की योजना के तहत उधारी की रकम वापस करने के नाम पर प्रार्थी दिनेश कुमार व उसके सहयोगी कैलाश को नकली नोटों की डिलीवरी की गई थी। पुलिस द्वारा आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में तैयार नकली नोट, प्रिंटर बरामद किए गए। तीनों आरोपियों से कब्जे कुल 8 लाख रुपये के नकली नोट जब्त किया गया।
आरोपियों से जब्त संपत्ति
01. आरोपी सतीश कुमार से- 2,00,000 रुपये के नकली नोट।
02. आरोपी रामप्रसाद उर्फ रमऊ से- 4,50,000 रुपये के नकली नोट।
1 मोबाइल फोन।
1 प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन।
1 ev कार टाटा पंच ।
03. आरोपी घुरवा राम से- 1,50,000 रुपये के नकली नोट।
आरोपी रामप्रसाद उर्फ़ रमउ व सतीश कुमार द्वारा 13 जुलाई को एक कलर प्रिंटर खरीदा गया, फिर रामप्रसाद द्वारा नए बस स्टैंड के पास एक किराए के मकान लिया गया। जहां तीसरे आरोपी घुरुवा राम के साथ मिलकर नकली नोट छापने का काम करते थे। सतीश कुमार रामप्रसाद के साथ डिलीवरी करने जाता था। पुलिस द्वारा आरोपियों से नकली नोट तैयार करने की प्रक्रिया तथा नकली नोटों को आगे कहां-कहां खपाया गया है। इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
1. सतीश कुमार, पिता आधे राम, उम्र 33 वर्ष, निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा।
2. रामप्रसाद उर्फ रमऊ, पिता ललित राम, उम्र 56 वर्ष, निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।
3. घुरवा राम, पिता मोतीराम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया।
आमजन किसी भी संदिग्ध नोट अथवा संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के संबंध में सतर्क रहें। नकली नोट अथवा नकली मुद्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना/चौकी को सूचित करें।