बिना पार्किंग संचालित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की तैयारी, रायपुर में अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त

रायपुर : रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम मुख्यालय भवन स्थित महापौर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, अवैध निर्माण, पार्किंग, कॉलोनी विकास अनुमति, राजस्व वसूली और वेंडिंग जोन जैसे प्रमुख विषयों पर गहन मंथन हुआ।
महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को जनहित के कार्यों में तेजी लाने तथा समय-सीमा के भीतर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में महापौर ने मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था का कारण बनने वाले बिना पार्किंग के संचालित प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, राजधानी क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माणों को चिह्नित कर उन्हें प्रक्रिया के तहत हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। शहर में सुव्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए वेंडिंग जोन चिह्नित करने और सड़कों से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।
महापौर ने प्रत्येक वार्ड में 10 लाख रुपये तक के नए विकास कार्यों के प्रस्ताव तुरंत तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव बनाते समय संबंधित वार्ड पार्षदों से चर्चा कर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
कॉलोनी विकास अनुमति (Completion Certificate) के मामलों में अनावश्यक देरी न करने की हिदायत देते हुए महापौर ने स्पष्ट किया कि कॉलोनी में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था की पुष्टि होने के बाद ही प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके अतिरिक्त, बंधक प्लॉट्स (Mortgage Plots) के परिवर्तन की अनुमति किसी भी स्थिति में न देने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर की सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने सोनडोंगरी क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए तत्काल स्थल निरीक्षण कर व्यवस्था बेहतर करने को कहा। इसके साथ ही, नगर निगम जोन 8 के अंतर्गत संपत्ति कर और अन्य राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। महापौर ने मुख्य मार्गों व प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश सभी जोन अधिकारियों को दिए।