RPF की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 1.96 करोड़ का विदेशी सोना जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार

Gold-train

रायपुर : रेलवे में सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की RPF क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम ने DRI नागपुर के साथ मिलकर 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये का विदेशी सोना जब्त किया है। यह सोना हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो संदिग्ध यात्रियों के कब्जे से बरामद हुआ। जब्त सोने का वजन करीब 1.242 किलोग्राम है, जिसमें 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है।

RPF क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नागपुर और रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम को DRI नागपुर के अधिकारियों के साथ ट्रेन में सघन जांच के निर्देश दिए गए।  संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन की जांच शुरू की। इसी दौरान भंडारा-नागपुर के बीच B-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से विदेशी सोना बरामद हुआ।

तलाशी में कुल करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना मिला। इसमें 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत 1,96,34,307 रुपये आंकी गई है। RPF ने दोनों आरोपियों को जब्त सोने के साथ आगे की कार्रवाई के लिए DRI नागपुर के सुपुर्द कर दिया। DRI ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में RPF क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम की अहम भूमिका रही। ट्रेन में मिली सूचना के आधार पर की गई सघन जांच से तस्करी का यह मामला सामने आया। RPF और DRI अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि रेलवे मार्ग के जरिए विदेशी सोने की तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

रीसेंट पोस्ट्स